
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, शहरी स्थानीय निकायों और जिला पंचायतों के विकास कार्यों सहित विभिन्न जनहित परियोजनाओं के लिए कुल 676 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
स्वीकृत योजनाओं के तहत अल्मोड़ा नगर निगम क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए 200 सोलर लाइटों की स्थापना हेतु 35 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं नगर पंचायत चमियाला में सेंट्रल कंट्रोल मॉनिटरिंग सिस्टम (सीसीएमएस) और एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाने के लिए 3.07 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
नगरीय स्थापना सुविधाओं के विकास मद से नगर निगम देहरादून के विभिन्न मार्गों पर सीसीएमएस और एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाने के लिए 1.95 करोड़ रुपये, नगर निगम पिथौरागढ़ में एलईडी स्ट्रीट लाइट पोल एवं सीसीएमएस पैनल की स्थापना के लिए 1.99 करोड़ रुपये तथा नगर निगम देहरादून में एलईडी स्ट्रीट लाइट और सीसीएमएस पैनल स्थापना के लिए 3.93 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने नैनीताल जनपद की कृष्णापुर पेयजल योजना के लिए 2.13 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इसके अलावा कुमाऊं मंडल में 33/11 केवी सब-स्टेशन, 33 केवी लाइन और 11 केवी फीडर निर्माण की पांच योजनाओं के लिए 5 करोड़ रुपये की स्वीकृति के सापेक्ष पहली किस्त के रूप में 2 करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन दिया गया है। यूजेवीएनएल की तीन परियोजनाओं के लिए 35 करोड़ रुपये की स्वीकृति के सापेक्ष पहली किस्त के रूप में 23.10 करोड़ रुपये तथा केदारनाथ धाम मास्टर प्लान के अंतर्गत प्रस्तावित विद्युत अवसंरचना के लिए 212.10 करोड़ रुपये भी स्वीकृत किए गए हैं।
उच्च शिक्षा विभाग के तहत राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अगस्त्यमुनि में विज्ञान संकाय के पीजी भवन निर्माण के लिए 19 करोड़ रुपये की योजना को भी मंजूरी मिली है।
इसके अतिरिक्त पंचम राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों के अनुसार सभी जिला पंचायतों को दूसरी तिमाही की किस्त के रूप में 82.21 करोड़ रुपये तथा राज्य के सभी शहरी स्थानीय निकायों को दूसरी तिमाही की किस्त के रूप में 325.03 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
