
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं और धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्यों के लिए करीब चार करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इनमें उच्च न्यायालय में अत्याधुनिक पेपरलेस स्मार्ट वीसी बोर्डरूम की स्थापना से लेकर विभिन्न जनपदों में मंदिरों के विकास कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड उच्च न्यायालय में अत्याधुनिक पेपरलेस स्मार्ट वीसी बोर्डरूम स्थापित करने के लिए 1.20 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है।
अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र स्थित प्राचीन गोपेश्वर महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण, घाट निर्माण और सुरक्षा चेक डैम के लिए 98.25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें प्रथम किस्त के रूप में 58.95 लाख रुपये जारी करने को मंजूरी दी गई है।
इसके अलावा ऊधमसिंह नगर के नानकमत्ता विधानसभा क्षेत्र की बंगाल कॉलोनी में नवनिर्मित दुर्गा मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 56.51 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें प्रथम किस्त के रूप में 33.90 लाख रुपये जारी होंगे।
उत्तरकाशी जिले के पुरोला विधानसभा क्षेत्र के जखोल-फिताड़ी स्थित सोमेश्वर महादेव मंदिर परिसर के समतलीकरण एवं सौंदर्यीकरण के लिए अवशेष 1.85 करोड़ रुपये के सापेक्ष 1.09 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में बटकेश्वर मंदिर एवं तीर्थ स्थल के सौंदर्यीकरण और निर्माण कार्यों के लिए 63.39 लाख रुपये की स्वीकृति देते हुए प्रथम किस्त में 38.03 लाख रुपये जारी करने को मंजूरी दी है। वहीं रुद्रप्रयाग जिले के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में द्वितीय केदार मद्महेश्वर धाम के विकास कार्यों के लिए 54.81 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें प्रथम किस्त के रूप में 32.88 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।

