
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विभिन्न विकास योजनाओं एवं निर्माण कार्यों के लिए करीब 227 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसके साथ ही भूतपूर्व सैनिकों के आश्रित छात्र-छात्राओं के लिए छात्रवृत्ति तथा सार्वजनिक निकायों के पेंशनरों की महंगाई राहत बढ़ाने के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने हरिद्वार जनपद में पुलिस चौकी सुल्तानपुर के प्रशासनिक भवन के निर्माण के लिए 2.41 करोड़ रुपये की परियोजना के सापेक्ष प्रथम किश्त के रूप में 96.59 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। वहीं, देहरादून के न्यू कैंट मार्ग को 2 लेन से 3 लेन में अपग्रेड करने के लिए यूटिलिटी एवं वाटर सप्लाई लाइन शिफ्टिंग कार्य हेतु 11.95 करोड़ रुपये की योजना को भी मंजूरी दी गई है।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत सिंचाई विभाग की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी स्वीकृति मिली है। चंडी घाट के डाउनस्ट्रीम स्थित गौरीशंकर क्षेत्र में गंगा के बाएं किनारे घाट एवं आस्था पथ के निर्माण के लिए 98.18 करोड़ रुपये तथा बैरागी कैंप क्षेत्र में गंगा के दाहिने किनारे घाट एवं आस्था पथ के निर्माण के लिए 115.91 करोड़ रुपये की मंजूरी प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने कारगिल शहीद परिवार मुख्यमंत्री सहायता कोष से उत्तराखंड के भूतपूर्व सैनिकों के आश्रित छात्र-छात्राओं को इंजीनियरिंग, मेडिकल और पीएचडी की पढ़ाई के लिए छात्रवृत्ति भुगतान हेतु 36.84 लाख रुपये स्वीकृत करने का भी अनुमोदन किया है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक निकायों एवं उपक्रमों के सिविल और पारिवारिक पेंशनरों के लिए 1 जनवरी 2026 से महंगाई राहत की दर बढ़ाकर 60 प्रतिशत प्रतिमाह किए जाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की है।
