
अल्मोड़ा। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने दिल्ली में परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और अपने भविष्य को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे लोकतंत्र और युवाओं की आवाज पर हमला बताते हुए कहा कि सरकार को छात्रों की मांगों पर संवाद करना चाहिए, न कि दमनात्मक कार्रवाई करनी चाहिए।
भोज ने कहा कि नीट समेत विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक जैसे मामलों से लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों का विश्वास प्रभावित हुआ है। ऐसे में छात्रों द्वारा अपनी बात रखना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है। उन्होंने कहा कि छात्रों की आवाज सुनने के बजाय उन पर बल प्रयोग करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं को रोजगार, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और सुरक्षित भविष्य का भरोसा दिलाने में विफल रही है। जब छात्र अपने अधिकारों और भविष्य के लिए आवाज उठाते हैं तो सरकार संवाद के बजाय दमन का रास्ता अपनाती है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष ने मांग की कि छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और छात्रों की परीक्षा संबंधी मांगों पर केंद्र सरकार शीघ्र संवाद करे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के साथ खड़ी है तथा उनकी न्याय की लड़ाई में पूरा सहयोग करेगी।
