
रुड़की। चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों का ग्रीन कार्ड चार हजार रुपये लेकर बनाए जा रहे थे। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जिनसे जरूरी कागजात, लैपटॉप, प्रिंटर और 4500 रुपये बरामद किए हैं। 15 से 20 लोग मिलकर वाहनों के ग्रीन कार्ड बना रहे हैं। जिनकी एवज में सरकारी निर्धारित शुल्क से अतिरिक्त वसूली की जा रही थी।
अपने कार्यालय में पत्रकार वार्ता में एसपी देहात प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि पिछले सप्ताह परिवहन विभाग को सूचना मिली थी कि नारसन चेक पोस्ट पर ग्रीन कार्ड बनाने की एवज में हजारों रुपये लिए जा रहे हैं। निर्धारित शुल्क से अतिरिक्त रुपये लेकर ग्रीन कार्ड बनाए जा रहे हैं। अज्ञात के खिलाफ मंगलौर कोतवाली में केस दर्ज कराया गया था। एसपी देहात ने बताया कि अनीश निवासी सरवट गेट मुजफ्फरनगर और संजीव कुमार उर्फ विक्की पुत्र नरेंद्र सिंह निवासी खेड़ाजट कोतवाली मंगलौर को गिरफ्तार किया है। तीन ड्राइविंग लाइसेंस, अन्य जरूरी कागजात, लैपटॉप, प्रिंटर और 4500 रुपये बरामद किए हैं। अनीश और संजीव नारसन चेक पोस्ट के पास चारधाम यात्रा के वाहन चालकों के ग्रीन कार्ड व अन्य जरूरी कागजात लेकर तीन से चार हजार में ग्रीन कार्ड बना रहे थे। करीब 1500 रुपये साइबर कैफे संचालक को भी दिए जाते थे। पूछताछ में सामने आया कि करीब 15 से 20 लोग मोटी रकम लेकर ग्रीन कार्ड बनाने का काम कर रहे हैं। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस टीम में इंस्पेक्टर राजीव रौथाण, वरिष्ठ उप निरीक्षक रफत अली, ब्रजपाल सिंह, कांस्टेबल सोवन सिंह, भास्कर, तेजेंद्र सिंह, जवाहर सिंह, आदेश कुमार और जल सिंह शामिल रहे।

