
हल्द्वानी(आरएनएस)। सेंचुरी पल्प एंड पेपर मिल ने वर्ष 2026-27 में ढ़ाई करोड़ पौंधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए कंपनी ने गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के साथ 200 एकड़ भूमि पर वृक्षारोपण के लिए एमओयू भी किया है। कंपनी के उपाध्यक्ष नरेश चंद्रा ने यह जानकारी शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस पर मिल में आयोजित कार्यक्रम में दी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य संचालन अधिकारी प्रणव शर्मा ने किया। इस दौरान कंपनी प्रबंधन एवं कर्मचारियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संकल्प लिया।
उपाध्यक्ष चंद्रा ने बताया कि कंपनी की ओर से वर्ष 2025-26 में दो करोड़ 22 लाख पौधों का रोपण और किसानों को पौध वितरण किया गया। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन पूरी दुनिया के सामने गंभीर चुनौती बनकर उभरा है। ऐसे में उद्योगों, संस्थानों और आम नागरिकों को मिलकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में ठोस प्रयास करने होंगे। पर्यावरण संरक्षण के लिए केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों एवं नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्य वित्त अधिकारी महेंद्र कुमार हरित, संजय यादव, संजय बाजपेयी, अमृत सैनी, अनिल दुबे, राजेश कुमार, महेश शर्मा, वंदना पंत, सुचिता रावत, भरत पांडे आदि मौजूद रहे।
