
देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र के केहरी गांव में बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र दिव्यांशु जटराना की हत्या के मामले में फरार सात आरोपियों पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ गैर जमानती वारंट भी कोर्ट से हासिल कर लिए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 23 मार्च की रात केहरी गांव में हाईवे किनारे बिहार और उत्तर प्रदेश के छात्रों के बीच वर्चस्व को लेकर विवाद हुआ था, जो हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान लाठी-डंडों और फावड़े से हुए हमले में मुजफ्फरनगर निवासी दिव्यांशु की मौत हो गई।
मामले में हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। अब तक पुलिस चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि कुल 15 नामजद और अन्य अज्ञात आरोपी इस वारदात में शामिल बताए गए हैं। इनमें से सात आरोपियों की भूमिका अहम मानते हुए उनके खिलाफ इनाम घोषित किया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम की घोषणा की है। पुलिस अन्य नामजद और अज्ञात आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास भी कर रही है।
इनाम घोषित आरोपियों में ऋतिक राज, शांतनु कुमार, उज्ज्वल सिंह, अंकुर, आदित्य राज, विनीत राज और प्रहलाद राज शामिल हैं, जो सभी मूल रूप से बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी हैं।

