
नई टिहरी(आरएनएस)। दूरसंचार कंपनी बीएसएनएल का करीब पांच लाख के चोरी के सामान के साथ पुलिस ने उत्तर प्रदेश के चार चोरों को गिरफ्तार किया है। चोरी में प्रयुक्त दो पिकअप वाहन भी पुलिस ने सीज किए हैं। चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायालय के आदेश पर 14 की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।एसएसपी श्वेता चौबे के बताया कि बीती 28 जुलाई को 112 कंट्रोल रूम पर सूचना मिली कि ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर रमोलसारी बैंड के समीप अज्ञात व्यक्तियों ने बीएसएनएल के 30 बंडल टर्न बकल और पोल क्लैम्प सहित अन्य सामग्री चोरी किए गए हैं जिसके बाद थाना छाम-कंडीसौड़ के थानाध्यक्ष दिलबर सिंह नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अलर्ट जारी करते हुए जिले से बाहर जाने वाले सभी संभावित मार्गों पर चेकिंग अभियान चलाया।मटियाली तिराहा चेक पोस्ट पर रात्रि अधिकारी एसआई शिव शंकर उनियाल के नेतृत्व में बैरियर लगाकर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान उनियाल गांव की ओर से आ रहे दो पिकअप वाहनों को रोककर उनकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से बीएसएनएल के चोरी किए गए सभी 30 बंडल टर्न बकल व पोल क्लैम्प सहित अन्य सामग्री बरामद हुई।चोरी किए माल की कीमत पांच लाख आंकी गई। पुलिस ने मौके से उत्तर प्रदेश के इब्राहिमपुर निवासी प्रभात कुमार, प्रिंस, उत्तर प्रदेश हवाला निवासी रोहित और सतनाम को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। एसएसपी ने बताया कि चारों आरोपियों को न्यायालय के निर्देश पर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
