
देहरादून(आरएनएस)। श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। मामले में बीकेटीसी अध्यक्ष के निजी सचिव की तहरीर पर डालनवाला कोतवाली पुलिस ने आरोपी पत्रकार दीप मैठाणी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। बीकेटीसी अध्यक्ष के निजी सचिव प्रमोद नौटियाल ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि आरोपी दीप मैठाणी ने फेसबुक पर अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी को लेकर बेहद अमर्यादित और भद्दी भाषा का इस्तेमाल किया है। इस पोस्ट का सीधा मकसद अध्यक्ष की छवि खराब करना और आम जनता के बीच भ्रम फैलाना है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस हरकत से न सिर्फ अध्यक्ष की निजी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था के प्रतीक श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति की साख को भी नुकसान हुआ है। विवाद की असली वजह कुछ दिन पुरानी बताई जा रही है। शिकायत के मुताबिक 17 मार्च 2026 को मंदिर समिति की तरफ से एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई थी। इस वार्ता में आरोपी दीप मैठाणी भी पहुंचा था। आरोप है कि उसने बेतुके सवाल पूछकर कई बार प्रेस कॉन्फ्रेंस का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। इस पर अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कई बार टोका भी था। अंदेशा जताया जा रहा है कि उसी दिन की खुन्नस निकालने के लिए आरोपी ने यह विवादित फेसबुक पोस्ट की है। इंस्पेक्टर डालनवाला संतोष कुंवर ने बताया कि शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

