
नई टिहरी(आरएनएस)। राजकीय महाविद्यालय परिसर में नगर पंचायत की पहल पर आयोजित किए जा रहे सात दिवसीय नगर महोत्सव मेले का व्यापारियों ने विरोध किया है। मेले के विरोध में व्यापार मंडल लंबगांव ने प्रदर्शन किया। नगर पंचायत के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और मेले को तत्काल स्थगित करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद व्यापारियों ने एसडीएम अंकित राज के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा गया कि यदि नगर महोत्सव मेला स्थगित नहीं किया गया तो आज सोमवार को संपूर्ण लंबगांव बाजार बंद कर चक्काजाम किया जाएगा। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे व्यापार मंडल अध्यक्ष राजीव पंवार ने कहा कि नगर पंचायत ने व्यापार मंडल की कार्यकारिणी और स्थानीय व्यापारियों से बिना किसी विचार-विमर्श के मेले का आयोजन कर दिया है। मेले में बाहरी व्यापारियों को दुकानें आवंटित की गई है जिससे स्थानीय व्यापारियों का व्यापार बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों ने कहा कि वे विकास या आयोजन के विरोध में नहीं हैं लेकिन व्यापारियों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। व्यापारियों की मांग है कि मेला तत्काल स्थगित किया जाए या फिर व्यापार मंडल से बातचीत कर समाधान निकाला जाए। प्रदर्शनकारियों में टैक्सी यूनियन अध्यक्ष यशपाल सिंह राणा, व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष अमन राणा, सचिव विजय धनाई, पूर्व अध्यक्ष युद्धवीर राणा, आशीष रावत, चंद्रभानु बगियाल, पूर्व सभासद सौरभ रावत, रविंद्र पोखरियाल शामिल रहे।

