
अल्मोड़ा। बियरशिबा विद्यालय में शनिवार को विज्ञान, वाणिज्य और मानविकी विषयों पर आधारित मॉडल एवं चित्रकला प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक सोच, नवाचार और रचनात्मकता का परिचय देते हुए आकर्षक वर्किंग मॉडल और चित्रकृतियां प्रस्तुत कीं, जिन्हें अतिथियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने सराहा। कार्यक्रम का शुभारंभ सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग के प्रोफेसर डी.एस. धामी, कंप्यूटर साइंस विभाग के सहायक प्रोफेसर रविन्द्रनाथ पाठक, विद्यालय की अकादमिक डायरेक्टर दीपिका विल्सन तथा उपप्रधानाचार्य हरीश कांडपाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का स्वागत किया। मॉडल प्रदर्शनी में जूनियर वर्ग में एक्सपेंडेड फार्म तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग एंड वाटर साइकिल मॉडल क्रमशः प्रथम और द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि तृतीय स्थान अन्य प्रतिभागी मॉडल को मिला। मिडिल वर्ग में मॉडर्न सिटी, टेस्ला टावर और एलसीएम एवं न्यूक्लियर पावर प्लांट मॉडल क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहे। वहीं सीनियर वर्ग में वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट, हाइड्रोलिक ब्रिज तथा हाइड्रोलिक रोबोटिक एवं एम्प्लॉयी रिकॉर्ड डेटाबेस मॉडल को क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच, प्रस्तुतीकरण और नवाचार की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां छात्रों में शोध, प्रयोग और सृजनात्मक क्षमता का विकास करती हैं। विद्यालय प्रबंधन ने प्रतिभागियों और विजेताओं को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही।

