
हरिद्वार(आरएनएस)। हरिद्वार में 21वीं राज्यस्तर अंडर 18 महिला और पुरुष वर्ग में देहरादून की टीम चैंपियन बनी। बास्केटबॉल प्रतियोगिता के अंतिम दिवस पर फाइनल में देहरादून ने दोनों ही वर्गों में हरिद्वार की टीम को मात दी। जिला बास्केटबॉल एसोसिएशन हरिद्वार के सचिव संजय चौहान ने बताया की बालिका वर्ग में हुए मुकाबले में देहरादून ने 36 के मुकाबले 33 से हरिद्वार को पराजित किया। वहीं पुरुष वर्ग में देहरादून ने हरिद्वार को 42 के मुकाबले 27 अंकों से पराजित किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि बच्चों को खेलों में अधिक से अधिक प्रतिभागिता करनी चाहिए। आज देश खेलों में पूरे विश्व में अपना नाम कर रहा है और कहीं ना कहीं यह प्रतिभाएं हरिद्वार जैसे छोटे शहरों में भी छिपी हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष संदीप गोयल ने बच्चों को खेल के प्रति उत्साहित किया। बास्केटबॉल एसोसिएशन उत्तराखंड के सचिव मनदीप ग्रेवाल भी पुरस्कार वितरण समारोह में उपस्थित रहे। एसोसिएशन के उपाध्यक्ष विकास तिवारी ने मंच संचालन किया। इस मौके पर सुखबीर सिंह, आलोक चौधरी, शिवम आहूजा, इंद्रेश, मयंक कंडारी, लक्ष्य शर्मा आदि सभी ने अहम भूमिका निभाई।

