
देहरादून। बदरीनाथ धाम में चढ़ावा चोरी और कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में गठित एसआईटी ने मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल के खिलाफ जांच तेज कर दी है। देहरादून के नेहरू कॉलोनी स्थित उसके आवास पर छापेमारी के दौरान टीम को कई अहम दस्तावेज मिले हैं, जिनमें बेनामी संपत्तियों से जुड़े कागजात भी शामिल हैं। करीब तीन घंटे तक चली तलाशी के दौरान घर के हर हिस्से की गहन जांच की गई।
सूत्रों के अनुसार, जांच टीम को तीन संपत्तियों से संबंधित दस्तावेज मिले हैं, जिनकी अब विस्तार से जांच की जा रही है। एसआईटी यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं चढ़ावे की चोरी से जुटाई गई रकम को बेनामी संपत्तियों में तो निवेश नहीं किया गया। इससे पहले जांच टीम ने बदरीनाथ स्थित आरोपी के आवासीय कक्ष की भी तलाशी ली थी।
तलाशी के दौरान पुलिस को नेपाली मुद्रा की दो गड्डियां, कुछ चांदी के सिक्के और हजारों रुपये की नकदी भी बरामद हुई है। नेपाली करेंसी मिलने के बाद जांच एजेंसियां इस पहलू की भी पड़ताल कर रही हैं कि इसका संबंध विदेशी श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए दान से तो नहीं है।
एसआईटी रिमांड पर लिए जाने के बाद से प्रमोद नौटियाल से लगातार पूछताछ कर रही है, लेकिन उसने अब तक अपने किसी भी सहयोगी का नाम उजागर नहीं किया है। जांच अधिकारियों को उम्मीद है कि बरामद दस्तावेजों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की जा रही पूछताछ से पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
उल्लेखनीय है कि बदरीनाथ मंदिर में चढ़ावे और दान के प्रबंधन में कथित वित्तीय अनियमितताओं के मामले में पुलिस अब तक दो लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। प्रमोद नौटियाल के बाद बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के पूर्व मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान को भी गिरफ्तार किया गया। राजेंद्र चौहान पूर्व में गणना अधिकारी की जिम्मेदारी निभा चुके हैं और हाल ही में सेवानिवृत्त हुए थे।
