
देहरादून। विकासनगर पुलिस ने एटीएम बूथों के बाहर लोगों को मदद का झांसा देकर कार्ड बदलकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न बैंकों के 192 एटीएम/डेबिट कार्ड, 12 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, नकदी, मोबाइल फोन, एक स्विफ्ट कार और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार गुरुवार को सूचना मिली थी कि चार संदिग्ध स्विफ्ट कार और बाइक से क्षेत्र में घूम रहे हैं तथा एटीएम कार्ड बदलकर लोगों से ठगी करने की फिराक में हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने हर्बर्टपुर स्थित ढालीपुर पुल से पहले आम के बगीचे के पास घेराबंदी कर स्विफ्ट कार सवार चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एटीएम बूथों पर बुजुर्गों, महिलाओं और ऐसे लोगों को निशाना बनाते थे, जिन्हें पैसे निकालने में परेशानी होती थी। मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड बदल लिया जाता था और पिन की जानकारी हासिल कर बाद में उनके खातों से रकम निकाल ली जाती थी। वारदात के दौरान शक से बचने के लिए आरोपी अपने वाहन कुछ दूरी पर खड़े रखते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगमोहन (40), नीटू (40), सोनू (43) और आशु कुमार (26) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक चारों आरोपी हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और असम समेत कई राज्यों में एटीएम ठगी के मामलों में पहले भी जेल जा चुके हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विकासनगर कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद 192 एटीएम कार्डों की जांच की जा रही है, जबकि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य राज्यों में की गई वारदातों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस का मानना है कि गिरोह का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है।


