

हरिद्वार(आरएनएस)। नगर निगम क्षेत्र में अतिक्रमण के नाम पर हो रहे शोषण और उत्पीड़न के विरोध में लघु व्यापारी संगठनों ने आगामी 11 मई से चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। बैठक की अध्यक्षता लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष संजय चोपड़ा ने की, जबकि संचालन जिला अध्यक्ष राजकुमार ने किया। मंगलवार को आयोजित बैठक में तय हुआ कि प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर योजना और उत्तराखंड नगरीय फेरी नीति नियमावली के तहत पंजीकृत एवं लाइसेंसधारी व्यापारियों को वेंडिंग जोन में व्यवस्थित किया जाए। संजय चोपड़ा ने कहा कि वर्ष 2018 की सर्वे सूची में शामिल व्यापारियों को वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके बावजूद लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फेरी समिति के गठन के बावजूद व्यापारियों को मेला क्षेत्र, शहरी इलाकों और पार्किंग स्थलों के पास रोजगार के अवसर नहीं मिल रहे हैं। आंदोलन के जरिए जनसमर्थन जुटाकर न्यायपूर्ण मांगों को उठाया जाएगा। बैठक में जय भगवान सिंह, रणवीर, विकास सक्सेना, मोहनलाल, सचिन राजपूत, वीरेंद्र कुमार, रवि कुमार, उमेश, राजकुमार, मुन्नालाल सुदामा, सुनील कुकरेती, फूल सिंह, चंदन रावत, नईम सलमानी, आजम अंसारी, तस्लीम, कामिल, मनीष शर्मा, ओमप्रकाश भाटिया, कामिनी मिश्रा, गीता देवी, मंजू पाल, सुमन गुप्ता, आशा कश्यप, सावित्री देवी और पुष्पा दास सहित अनेक प्रतिनिधि मौजूद रहे।

