
अल्मोड़ा। जालंधर स्थित एलपीयू में 9 से 14 मार्च तक आयोजित अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता में सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक हासिल किया। प्रतियोगिता में विश्वविद्यालय की खिलाड़ी निकिता चंद ने 57 से 60 किलोग्राम भार वर्ग में मुंबई विश्वविद्यालय की खिलाड़ी को हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं विश्वविद्यालय की छात्रा कोमल मेहता ने कांस्य पदक प्राप्त किया। टीम के प्रशिक्षक विजेंद्र मल्ल रहे। विश्वविद्यालय की खिलाड़ी निकिता चंद, कोमल मेहता और चांदनी कर्नाटक का चयन ‘खेलो इंडिया’ विश्वविद्यालय खेलों के लिए भी हुआ है। खिलाड़ियों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर सतपाल सिंह बिष्ट ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने विश्वविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। उन्होंने खिलाड़ियों को सम्मानित करने की भी बात कही। इस उपलब्धि पर कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट, वित्त अधिकारी अमित त्रिपाठी, शोध निदेशक प्रो. जे.एस. बिष्ट, परीक्षा नियंत्रक प्रो. पंकज कुमार शाह, अल्मोड़ा परिसर के निदेशक प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट, पिथौरागढ़ परिसर के निदेशक डॉ. हेमचंद पांडे, बागेश्वर परिसर के निदेशक डॉ. कमल जोशी तथा विश्वविद्यालय क्रीड़ा अधिकारी लियाकत अली ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी।


