
रुड़की(आरएनएस)। कैंटीन संचालक अमन हत्याकांड के खुलासे के लिए जुटी पुलिस ने रविवार रात मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने अमन की हत्या में खुद समेत तीन लोगों के शामिल होने की बात स्वीकार की है। एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि रविवार रात को सूचना मिली थी कि अमन हत्याकांड में शामिल आरोपी बाइक से क्षेत्र में देखे गए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बाइक सवार तीन युवकों का पीछा शुरू कर दिया। नगला इमरती के पास पुलिस ने आरोपियों को घेरकर पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि इस दौरान आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की तो एक आरोपी सौरभ पुत्र देशराज निवासी ढंडेरा गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद दो आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस टीमों ने आसपास के क्षेत्र में कांबिंग अभियान चलाकर दोनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। कुछ देर बाद पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्पित सैनी पुत्र कुलबीर सैनी निवासी ग्राम ठसका, कोतवाली मंगलौर और दीप यादव पुत्र जोगिंदर यादव निवासी मातावाला हसन बाग, कस्बा लंढौरा, कोतवाली मंगलौर के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 19 वर्ष बताई गई है। घायल सौरभ का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस अब तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अमन की हत्या के पीछे की वजह, घटना की पूरी साजिश और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा किया जाएगा।

