
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा पुलिस ने शुक्रवार को पुलिस लाइन परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों के साथ मनाया। देर रात तक चले कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों के बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। आकर्षक झांकियों, लोकनृत्यों, भजनों और नाट्य प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके की मौजूदगी में मेयर अजय वर्मा, जिला न्यायाधीश श्रीकांत पाण्डेय, जिलाधिकारी अंशुल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रीराम जी शरण शर्मा सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। एसएसपी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पुलिस परिवार के बच्चों ने कुमाऊँनी और गढ़वाली लोकनृत्य, भजन, नाटक तथा अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम देखने के लिए पुलिस लाइन मैदान में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और कलाकारों का तालियों की गड़गड़ाहट से उत्साहवर्धन किया। समारोह का प्रमुख आकर्षण विभिन्न थानों, फायर स्टेशन, पुलिस दूरसंचार और यातायात शाखा की ओर से तैयार की गई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की झांकियां रहीं। निर्णायक मंडल ने सभी झांकियों का अवलोकन कर परिणाम घोषित किए। प्रतियोगिता में यातायात पुलिस एवं पुलिस दूरसंचार अल्मोड़ा की संयुक्त झांकी को प्रथम, फायर स्टेशन अल्मोड़ा एवं रानीखेत की झांकी को द्वितीय तथा कोतवाली सोमेश्वर एवं थाना धौलछीना की झांकी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के समापन पर एसएसपी चंद्रशेखर घोडके ने विजेताओं और प्रतिभागियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का मंच संचालन अपर उपनिरीक्षक चंद्रकला कोरंगा और महिला आरक्षी प्रियदर्शनी इंदिरा ने किया, जिनकी प्रस्तुति को भी खूब सराहना मिली। रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर पुलिस लाइन परिसर स्थित मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। जिला न्यायाधीश, एसएसपी समेत अन्य अतिथियों और पुलिस अधिकारियों ने भगवान श्रीकृष्ण की झांकी के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरित किया। समारोह में प्रशासन, पुलिस, अर्द्धसैनिक बलों और विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।


