
अल्मोड़ा। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 2 सितंबर को सेवायोजन कार्यालय, अल्मोड़ा में एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मॉडल कैरियर सेंटर एवं क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित इस मेले में टेरियर सिक्योरिटी सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, गुजरात विशेष सुरक्षा गार्ड (स्पेशल सिक्योरिटी गार्ड) के पदों पर भर्ती करेगी। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के अनुसार रोजगार मेला सुबह 10 बजे से शुरू होगा। अभ्यर्थियों का चयन कंपनी द्वारा साक्षात्कार और परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। रोजगार मेले में स्पेशल सिक्योरिटी गार्ड के 200 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए अभ्यर्थी का 12वीं पास या उससे अधिक शिक्षित, न्यूनतम 172 सेंटीमीटर लंबा तथा बीएमआई 18.5 से 24.9 के बीच होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों की आयु 19 से 25 वर्ष निर्धारित की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को 40 हजार से 50 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन के साथ आवास, भोजन और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इच्छुक अभ्यर्थी अपने सभी शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की मूल प्रतियां एवं छायाप्रतियां, बायोडाटा तथा दो पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ 2 सितंबर को सुबह 10 बजे सेवायोजन कार्यालय, अल्मोड़ा में उपस्थित हो सकते हैं। रोजगार मेले में भाग लेने के लिए किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी 9319044434 अथवा 05962-298040 पर संपर्क कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी नेशनल करियर सर्विस (एनसीएस) पोर्टल पर भी अपना पंजीकरण करा सकते हैं।


