

अल्मोड़ा। हरिद्वार में 22 से 25 अक्टूबर तक आयोजित योनेक्स-सनराइज 25वीं उत्तराखंड राज्य मिनी सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में अल्मोड़ा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। अंडर-11 बालक एकल में नितांत गोपाल रावत, युगल वर्ग में नितांत गोपाल रावत और नैतिक जोशी की जोड़ी ने खिताब अपने नाम किए। प्रतियोगिता में अल्मोड़ा के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में पदक भी हासिल किए।
अंडर-11 बालक एकल वर्ग के सेमीफाइनल में नैतिक जोशी ने हरिद्वार के कबीर यादव को 15-8, 17-15 से, जबकि नितांत गोपाल रावत ने नैनीताल के सिद्धांत नेगी को 15-6, 15-11 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में नितांत ने नैतिक को 17-15, 11-15, 15-11 से हराकर खिताब जीता।
अंडर-11 बालक युगल वर्ग के सेमीफाइनल में अल्मोड़ा के नितांत गोपाल रावत और नैतिक जोशी की जोड़ी ने देहरादून के कुशाग्र डबराल और विवान गुलवान को 15-8, 15-13 से हराया। फाइनल में इस जोड़ी ने हरिद्वार के कबीर यादव और अर्नव बिष्ट को 15-10, 15-7 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
अंडर-13 बालक एकल वर्ग में नैतिक जोशी को सेमीफाइनल में देहरादून के हर्षित बिष्ट से 15-11, 15-8 से हार का सामना करना पड़ा। वहीं, अंडर-13 बालक युगल वर्ग में नैतिक जोशी और नितांत गोपाल रावत की जोड़ी देहरादून के अतुल्य सकलानी और विहान तिवारी से हारकर कांस्य पदक तक सीमित रही।
अंडर-11 बालिका युगल वर्ग में अल्मोड़ा की वंशिका पंत और प्रियांशी गोस्वामी को देहरादून की आरना बिष्ट और अद्विका मेहर से हारकर कांस्य पदक मिला। बालिका एकल वर्ग में प्रियांशी गोस्वामी को देहरादून की अद्विका मेहर ने 15-10, 15-8 से हराया, जिसके बाद प्रियांशी को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में हरिद्वार के जिलाधिकारी और उत्तरांचल बैडमिंटन संघ के सचिव बीएस मनकोटी ने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए और उनका उत्साहवर्धन किया। जिला बैडमिंटन संघ अल्मोड़ा ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
खिलाड़ियों को बधाई देने वालों में उत्तरांचल बैडमिंटन संघ के महासचिव बीएस मनकोटी, कोषाध्यक्ष राम अवतार अग्रवाल, जिला बैडमिंटन संघ अल्मोड़ा के अध्यक्ष सुरेश कर्नाटक, उपाध्यक्ष राकेश जायसवाल, उपाध्यक्ष प्रशासन गोकुल सिंह मेहता, सचिव डॉ. संतोष बिष्ट, उपसचिव संजय नज्जोन, कोषाध्यक्ष नंदन रावत, विजय प्रताप सिंह, हिमांशु राज, अरविंद जोशी, डॉ. नंदन बिष्ट, हरीश अधिकारी, कोतवाल योगेश उपाध्याय और डॉ. अखिलेश शामिल रहे। जिला बैडमिंटन संघ के मीडिया प्रभारी डीके जोशी ने बताया कि खिलाड़ी कोच जीवन बोरा के निर्देशन में बैडमिंटन का प्रशिक्षण ले रहे हैं।



