
अल्मोड़ा। जनपद में विज्ञान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत 460 विद्यालयों के 2160 छात्र-छात्राओं का नामांकन कराया जा चुका है। योजना के तहत कक्षा छह से 12वीं तक के विद्यार्थी दैनिक जीवन और सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए अपने अभिनव विचार प्रस्तुत कर सकते हैं।
भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की इस योजना में चयनित विद्यार्थियों को अपने नवाचार को मॉडल या प्रोटोटाइप के रूप में विकसित करने के लिए 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन धनराशि दी जाती है। उत्कृष्ट नवाचारों को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी एवं प्रतियोगिताओं में प्रस्तुत करने का अवसर भी मिलता है।
जिला समन्वयक इंस्पायर अवार्ड अल्मोड़ा विनोद कुमार राठौर ने बताया कि जिन विद्यालयों ने अभी तक विद्यार्थियों का नामांकन नहीं कराया है, उन्हें 15 सितंबर तक अपने विद्यालय के पांच उत्कृष्ट नवाचार विचार पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। उन्होंने प्रधानाचार्यों और ब्लॉक इंस्पायर समन्वयकों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के समाजोपयोगी नवाचारों का चयन कर समय पर अपलोड करने की अपील की।
राठौर ने कहा कि स्थानीय समस्याओं पर आधारित विद्यार्थियों के छोटे-छोटे नवाचार भविष्य में समाज के लिए उपयोगी तकनीकी समाधान का रूप ले सकते हैं। योजना विद्यार्थियों को समस्या की पहचान से लेकर उसके वैज्ञानिक और व्यावहारिक समाधान तक सोचने का अवसर प्रदान करती है।



