
बागेश्वर (आरएनएस)। जिले में एआई तकनीक के दुरुपयोग का मामला सामने आया है, जहां एक युवक को वन विभाग की कार्रवाई के बाद माफी मांगनी पड़ी।
जानकारी के अनुसार स्यूनी गांव के एक युवक ने एआई के माध्यम से बाघ की एक फर्जी तस्वीर तैयार की, जिसमें उसे गांव के बीच घूमते हुए दिखाया गया। युवक ने यह तस्वीर परिजनों और अन्य लोगों के बीच साझा कर दी, जिससे क्षेत्र में दहशत और भ्रम की स्थिति पैदा हो गई।
मामले की सूचना मिलने पर वन विभाग ने संज्ञान लेते हुए जांच शुरू की। जांच के दौरान युवक ने स्वीकार किया कि तस्वीर एआई के जरिए बनाई गई थी और वास्तविक नहीं थी। इसके बाद विभाग ने उसे नोटिस जारी किया।
नोटिस मिलने पर युवक ने अपनी गलती मानते हुए माफी मांग ली। प्रभागीय वनाधिकारी आदित्य रत्न ने बताया कि युवक को कड़ी चेतावनी दी गई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस तरह की हरकत दोहराने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि भ्रामक और फर्जी सूचनाएं साझा करने से बचें, क्योंकि इससे अनावश्यक भय और अफवाह फैल सकती है।

