
अल्मोड़ा। लोक निर्माण विभाग काशीपुर के अपर सहायक अभियंता इंजीनियर राजीव गौर के साथ कथित मारपीट और अभद्रता की घटना को लेकर उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स संघ की अल्मोड़ा निर्माण खंड शाखा ने कड़ा विरोध जताया है। संघ ने आपातकालीन बैठक में घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल कठोर एवं विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है। संघ की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सोमवार को आयोजित बैठक में कहा गया कि शासकीय दायित्वों का निर्वहन कर रहे अभियंता के साथ मारपीट और अभद्रता की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। इससे न केवल संबंधित अभियंता के साथ अन्याय हुआ है, बल्कि विभागीय अभियंताओं और कर्मचारियों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान में मानसून और आपदा काल के दौरान लोक निर्माण विभाग के अभियंता और कर्मचारी विषम परिस्थितियों में लगातार अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे समय में उनके साथ होने वाली इस प्रकार की घटनाएं कार्य के प्रति मनोबल को प्रभावित करने के साथ ही सुरक्षा संबंधी चिंताओं को भी बढ़ाती हैं। संघ ने प्रशासन से मांग की कि मामले में शामिल दोषियों के खिलाफ तत्काल कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो उसे चरणबद्ध आंदोलन और कार्य बहिष्कार करने के लिए विवश होना पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। बैठक में अभियंताओं एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।बैठक में इंजीनियर पूरन चन्द्र फर्त्याल, सुरेश चन्द्र लोहियाल, जी.के. पाण्डे, गोविन्द सिंह महरा, गणेश जोशी, रवि दानी, दीपक तिवारी, रिनी पाण्डे और हर्षिता सुयाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।


