

देहरादून। प्राकृतिक आपदाओं से क्षतिग्रस्त विद्यालयों के पुनर्निर्माण और मरम्मत के लिए राज्य सरकार ने राज्य आपदा मोचन निधि से 30 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इसमें प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के लिए 15-15 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और प्रभावित विद्यालयों को जल्द सुरक्षित व सुचारु रूप से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
जारी धनराशि से आपदा प्रभावित विद्यालयों के भवनों, चारदीवारी, खेल मैदान, शौचालय और अन्य परिसंपत्तियों का पुनर्निर्माण व मरम्मत की जाएगी। प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा के तहत चमोली, पिथौरागढ़, चम्पावत, उत्तरकाशी, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग और अल्मोड़ा जिलों को 1.25-1.25 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। वहीं, हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और ऊधमसिंह नगर जिलों को 1.10-1.10 करोड़ रुपये दिए गए हैं। यह आवंटन प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा के लिए अलग-अलग किया गया है।
महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा आकांक्षा कोण्डे ने सभी जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर आवंटित बजट का शीघ्र उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को मार्च 2027 तक पुनर्निर्माण और मरम्मत कार्य पूरे कर उपयोगिता प्रमाण पत्र शिक्षा महानिदेशालय को उपलब्ध कराने को कहा गया है। साथ ही निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों का शीघ्र पुनर्निर्माण कर उन्हें सुरक्षित और सुचारु रूप से संचालित किया जाएगा। सरकार का प्रयास है कि प्रभावित विद्यालयों को जल्द से जल्द पूर्ववत स्थिति में लाया जा सके।



