
ऋषिकेश। रायवाला में मंगलवार को तीन दिवसीय रस्यांण समलौंण सांस्कृतिक मेले का आगाज धूमधाम से हुआ। मेले के पहले दिन लोक गायक धूम सिंह रावत ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मंगलवार को पौराणिक देवभूमि सोसाइटी की ओर से आयोजित रायवाला महोत्सव रस्यांण समलौंण सांस्कृतिक मेले का शुभारंभ जिपं सदस्य दिव्या बेलवाल एवं मोतीचूर रेंज की रेंजर अलोकी ने दीप जलाकर किया। जिपं सदस्य दिव्या बेलवाल ने कहा कि मेले हमारी संस्कृति की पहचान हैं। महोत्सव के पहले दिन लोक गायक धूम सिंह रावत ने विलुप्त हो रही लोक संस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने मेरी गजणा.. , ढोल दमों वाजला वाजु रंगा रंग विचरी… आदि गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। स्थानीय महिलाओं ने थड्या, चौफला, झुमैलों, कौथगेर बुरांस, पांण्डव नृत्य आदि लोक नृत्य पेश किए। इसके अलावा कख हर्चि होला रीति रिवाज पुराणा… गाने में संस्था के लोक कलाकारों ने शानदार नृत्य किया। मौके पर संस्था अध्यक्ष आचार्य सुमन धस्माना, भगवती प्रसाद सेमवाल, कुवंर सिंह नेगी, चन्द्रेश्वर धस्माना, संस्था की उपाध्यक्ष रूपा असवाल, संयाजिका भागीरथी के अध्यक्ष हुकुम सिंह जरधारी, इको समिति अध्यक्ष मुकेश भट्ट, अमित वर्मा, राजेश जुगलान आदि उपस्थित रहे।

