
रुड़की। क्षेत्र के गांव में एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में एक युवक गंभीर घायल हो गया। जिसका सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। वहीं घटना को अंजाम देने वाला युवक मौके से फरार हो गया। गांव मानकपुर आदमपुर निवासी राजकुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पुत्र शुभम सोमवार की सुबह पशुओं को नहलाकर जैसे ही घर पहुंचा। तभी घर के पास पहले से ही धारदार हथियार लिए बैठे एक युवक ने उस पर हमला बोल दिया। जिसमें शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए। लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। जैसे ही इसकी सूचना शुभम के परिजनों को लगी, तो वह शुभम को लेकर आनन-फानन में रुड़की के सिविल हॉस्पिटल में पहुंचे। जहां उसका उपचार चल रहा है। परिजनों ने युवक के खिलाफ झबरेड़ा पुलिस को तहरीर दी है। थानाध्यक्ष संजीव थपलियाल ने बताया कि पुलिस तहरीर के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपी की तलाश कर रही है।

