
रुड़की। टिक्कमपुर गांव में ग्रामीणों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। जबकि उसका एक साथी भागने में कामयाब रहा। इसके अलावा गांव में ही रविवार रात को चोरों ने एक घर के ताले तोड़कर घर मे रखी नकदी और गहनों पर हाथ साफ कर दिया। सुल्तानपुर चौकी क्षेत्र के टिक्कमपुर गांव निवासी रोहितास सिंह की भाभी रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे घर के पास पशुओं को चारा डालने गई थी। इस दौरान उसने पशुशाला में एक व्यक्ति को बैठे देखा तो वह बुरी तरह डर गई और उसने शोर मचा दिया। शोर सुनकर कई ग्रामीण पशुशाला की तरफ दौड़ पड़े। ग्रामीणों को आते देख संदिग्ध व्यक्ति जंगल की ओर भाग गया और गन्ने के खेतों में छिप गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने खेत की घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। रविवार सुबह ग्रामीणों ने देखा कि गांव के परमजीत के घर के ताले टूटे पड़े हैं और घर का सामान भी बिखरा हुआ है। परमजीत का परिवार घर से बाहर गया हुआ था। सूचना मिलते ही परिवार वापस लौटा तो बीस हजार की नकदी और गहने घर से गायब मिले। दूसरी ओर रविवार रात को ही इस्माईलपुर गांव में बाइक सवार चार लोगों ने एक घर में घुसने की कोशिश की। लेकिन लोगों को जागते हुए देखकर बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों बाइकों को उठाकर चौकी ले आई। लक्सर क्षेत्राधिकारी हेमेंद्र सिंह नेगी ने बताया पकड़े गए व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। साथ ही चोरों की तलाश भी की जा रही है।

