
पिथौरागढ़। एनएचपीसी में लगी एक स्कार्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौप दिया। जानकारी के मुताबिक बीते बुधवार देर शाम एनएचपीसी तपोवन में ड्यूटी कर रतन बम(58) पुत्र नारायण सिंह जीप स्कार्पियो संख्या यूके 05 टीए 3058 से वापस धारचूला लौट रहा था। इसी बीच घटखोला के पास जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस घटना में चालक रतन की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को खाई से निकाला। सीएचसी में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौपा गया। स्कार्पियो एनएचपीसी में अनुबंध पर लगाई गयी थी।
