
पिथौरागढ़। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में मिठाई, रेस्टोरेंट और किराना दुकानों पर सघन जांच अभियान चलाया। औचक निरीक्षण के दौरान 11 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए खाद्य विश्लेषणशाला देहरादून भेजे गए, जबकि गंदगी और बिना पंजीकरण कारोबार करने पर दो खाद्य विक्रेताओं के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
अभिहित अधिकारी खाद्य संरक्षा आर.के. शर्मा ने बताया कि जिलाधिकारी आशीष भटगांई के निर्देश पर विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान लिए गए नमूनों की रिपोर्ट आने के बाद यदि वे निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं तो संबंधित खाद्य विक्रेताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान चार दर्जन सड़े केले, कालातीत अवधि के तीन पैकेट वनस्पति घी तथा चार पैकेट मसाले नष्ट कराए गए। संबंधित खाद्य विक्रेताओं को नोटिस जारी करते हुए उन्हें नियमों का पालन करने के निर्देश भी दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने व्यापारियों को केवल गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों का विक्रय करने, मिठाइयों एवं अन्य खाद्य सामग्री को ढककर रखने, बासी और एक्सपायरी खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने तथा उन्हें अलग रखकर संबंधित कंपनियों को वापस भेजने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने, मिठाई बनाने वाले कर्मचारियों को हेयर नेट पहनने और व्यक्तिगत स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने को भी कहा गया।
आर.के. शर्मा ने चेतावनी दी कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन करने वाले कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि त्योहारी सीजन के दौरान यह अभियान लगातार जारी रहेगा।



