
रुड़की। लक्सर के सेठपुर गांव निवासी युवक अजीत सिंह पुत्र चंद्रभान सिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गत दो मार्च को उसके मोबाइल पर दूसरे राज्य के अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले युवक ने रकम दोगुनी करने वाली स्कीम में अजीत का चयन होने की बात कही। अजीत उसके झांसे में आ गया और हामी भर दी। इसके बाद दूसरी तरफ से बात करने वाले ने उसे एक बैंक के खाते का नंबर भेजा और कहा कि वह खाते में जितनी रकम जमा कराएगा 24 घंटे में उसका दोगुना अमाउंट उसके खाते मे वापस आ जाएगा। इस पर अजीत ने दो बार में कुल 99998 रुपये उसके बताए बैंक खाते में डाल दिए। 48 घंटे बाद भी रकम वापस नहीं आई तो अजीत ने उसी मोबाइल नंबर पर बात करने के लिए फोन किया। लेकिन फोन बंद था। अगले दो दिन तक भी फोन चालू नहीं हुआ तो अजीत को ठगे जाने का एहसास हुआ। इसके बाद अजीत कोतवाली पहुंचा और प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट से मिलकर पूरी घटना की जानकारी दी। कोतवाल बिष्ट ने बताया कि तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।

