

रुद्रपुर(आरएनएस)। जीबी पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विवि कार्यहित एवं प्रशासनिक कार्यों के सुचारू संचालन के लिए प्राध्यापकों के प्रशासनिक दायित्वों में फेरबदल किया गया है। इसके तहत डॉ. राकेश पाल सिंह गंगवार को जहां अधिष्ठाता प्रौद्योगिकी महाविद्यालय बनाया गया। वहीं डॉ. चंद्रेश्वर तिवारी को निदेशक प्रसार शिक्षा का दायित्व सौंपा गया है। विवि के कार्मिक प्रबंधन अनुभाग (ए) की ओर से जारी आदेश के तहत प्रौद्योगिकी महाविद्यालय के डीन डॉ. एसएस गुप्ता के सेवानिवृत्त होने पर कुलपति ने उन्हें 31 अक्तूबर को डीन टेक के कर्तव्यों से मुक्त कर दिया। साथ ही उनके आदेश पर इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग के प्राध्यापक डॉ. आरपीएस गंगवार को वैधानिक नियमों के अनुसार नियमित डीन की नियुक्ति होने या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, डीन टेक्नोलॉजी के अतिरिक्त कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।वहीं केवीके काशीपुर के प्रभारी अधिकारी डॉ. जितेंद्र क्वात्रा के स्थान पर डॉ. चंदेश्वर तिवारी प्राध्यापक (कृषि विज्ञान) और प्रभारी अधिकारी केवीके अल्मोड़ा को उनके स्वयं के कर्तव्यों के अतिरिक्त प्रसार शिक्षा निदेशक का कार्यभार अगले आदेश तक सौंपा गया है। डॉ. गंगवार और डॉ. तिवारी को प्रबंधन बोर्ड की ओर से अनुमन्य अतिरिक्त कर्तव्यों के लिए सभी लाभ प्राप्त होंगे। जबकि उनकी सेवा शर्तें और नियम अपरिवर्तित रहेंगे। जबकि उच्च न्यायालय के 25 मार्च 2025 के आदेश के अनुपालन में मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्राध्यापक डॉ. लोकेश वार्ष्णेय स्नातकोत्तर अध्ययन (पीजीएस) के डीन के रूप में कार्य करते रहेंगे। उन्होंने तीन-चार दिन पूर्व इस पद से इस्तीफा दे दिया था।



