

अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जिले में साइबर जागरूकता 2.0 अभियान के तहत पुलिस का जनजागरूकता अभियान जारी है। इसी क्रम में सोमवार को महिला कोतवाली पुलिस ने उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एनटीडी में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, गुड टच-बैड टच, यातायात नियमों, बाल अपराध और मानव तस्करी के प्रति जागरूक किया। सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण और महिला कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जानकी भंडारी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में महिला कांस्टेबल रजनी जोशी और उषा ने बच्चों को अच्छे और बुरे स्पर्श के बीच अंतर समझाया। उन्होंने गलत व्यवहार के प्रति सतर्क रहने और ऐसी किसी भी घटना की जानकारी भरोसेमंद व्यक्ति को देने के लिए प्रेरित किया। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के तरीके भी बताए। उन्हें अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा किसी के साथ ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की हिदायत दी। इसके साथ ही यातायात नियमों का पालन करने, बाल अपराधों और मानव तस्करी के प्रति सतर्क रहने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बच्चों को आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी भी दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर वे इन सेवाओं का लाभ ले सकें।





