

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय में पत्रकार कल्याण कोष और मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना से संबंधित समितियों की बैठक हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में पत्रकारों और उनके आश्रितों से जुड़े सहायता के विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा की गई।
बैठक में चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को पत्रकार कल्याण कोष से पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की संस्तुति की गई। इसके अलावा गंभीर बीमारी से ग्रसित एक वरिष्ठ पत्रकार को उपचार के लिए पांच लाख रुपये की सहायता देने की संस्तुति की गई।
मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत चार वरिष्ठ पत्रकारों को आठ हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन देने की संस्तुति भी की गई।
सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण, सम्मान और सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। सूचना विभाग संकटग्रस्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए तत्परता से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि पत्रकार कल्याण से जुड़े मामलों पर नियमित रूप से बैठकें कर संवेदनशीलता के साथ विचार किया जा रहा है, ताकि पात्र पत्रकारों और उनके परिजनों को सहायता मिल सके।
बैठक में सूचना विभाग के अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक केएस चौहान, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी चंद्र सिंह तोमर, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी चेतन कुमार पांडेय तथा पत्रकार कल्याण कोष समिति के सदस्य गिरीश तिवारी, अमित शर्मा और शशि शर्मा मौजूद रहे।




