


हरिद्वार(आरएनएस)। आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के मद्देनजर धर्मनगरी में सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में मनसा देवी मार्ग की गली से हरकी पैड़ी तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान सड़क किनारे रखे सामान और अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। प्रशासन का उद्देश्य प्रमुख मार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाकर यातायात व्यवस्था सुचारु करना और कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुविधाजनक बनाना है।अभियान के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी ने दुकानदारों और फड़-ठेली संचालकों को निर्धारित सीमा में ही सामान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन की ओर से निर्धारित पीली पट्टी के बाहर फड़, ठेली या अन्य सामान रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित सामान जब्त किया जा सकता है। उन्होंने दुकानदारों और फड़-ठेली संचालकों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने तथा सड़क किनारे अतिक्रमण नहीं करने की अपील की। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कुंभ मेले से पहले प्रमुख मार्गों को व्यवस्थित करने और श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्ती बरतने के संकेत दिए हैं।



