


अल्मोड़ा। मेडिकल कॉलेज के नोडल अधिकारी एवं दंत रोग विशेषज्ञ सहायक प्रोफेसर डॉ. अनिल पांडे को सिख रेजिमेंट की 19वीं बटालियन ने बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान के लिए सम्मानित किया है। बटालियन के अधिकारियों ने उन्हें प्रशस्ति पत्र सौंपकर मरीजों और सैन्य इकाई को उपलब्ध कराए गए सहयोग के लिए आभार जताया। प्रशस्ति पत्र में बटालियन ने कहा कि अल्मोड़ा में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और जरूरत के समय सहयोग के लिए डॉ. पांडे का समर्पण सराहनीय रहा है। उनके सक्रिय सहयोग से इकाई की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिली है। पत्र में उनके प्रयासों, प्रतिबद्धता और सशस्त्र बलों के प्रति सहयोग की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी निरंतर सहयोग की उम्मीद जताई गई है। डॉ. पांडे मेडिकल कॉलेज में मरीजों की सेवा के लिए तत्पर रहते हैं। बताया जाता है कि अवकाश के बाद भी आपात स्थिति में वह मरीजों की सहायता के लिए पहुंच जाते हैं और उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराते हैं। अपने मिलनसार स्वभाव और खुशमिजाज अंदाज के चलते वह मरीजों और सहकर्मियों के बीच लोकप्रिय हैं।



