


पौड़ी(आरएनएस)। संगम के निकट भागीरथी नदी में बही महिला का शव मिलने के बाद परिजनों द्वारा शिनाख्त कर दी गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। महिला की पहचान नहीं हो पाने के कारण शव को श्रीनगर मोर्चरी में रखा गया था।बीती 15 अक्तूबर शुक्रवार की सुबह 61 वर्षीय अलका पत्नी संजीव निर्वगी निवासी जिला सताारा महाराष्ट्र हाल निवास देहरादून से देवप्रयाग पहुंची थीं। वह संगम क्षेत्र में गई थीं, लेकिन जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटीं, तो कार चालक संदीप उनकी तलाश करते हुए संगम पर पहुंचा। वहां उसे महिला के भागीरथी नदी में बहने की सूचना मिली, जिसके बाद चालक ने तुरंत थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने नदी में व्यापक खोजबीन शुरू कर दी। घटना के करीब तीस घंटे बाद एसडीआरएफ ने शनिवार, 16 अक्तूबर की शाम को कांडी खंड के निकट गंगा नदी से महिला का शव खोज निकाला। इसके बाद पुलिस ने मृतका के पति डॉ. संजीव निर्वगी को शव की शिनाख्त के लिए बुलाया। कोतवाल देवप्रयाग कृष्णकांत ने बताया कि कई घंटों की प्रक्रिया के बाद डॉक्टर पति ने शव की शिनाख्त अपनी पत्नी अलका के रूप में की। एसएसआई कविता ने जानकारी दी कि आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव मृतका के पति और भांजे को सौंप दिया गया है।



