


अल्मोड़ा। दशहरा महोत्सव के दौरान नगर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए अल्मोड़ा यातायात पुलिस ने 20 अक्टूबर को डायवर्जन प्लान जारी किया है। इसके तहत दोपहर 12 बजे के बाद कई मार्गों पर वाहनों का रूट बदला जाएगा। केमू और रोडवेज बसों सहित ट्रकों को दोपहर 12 बजे के बाद माल रोड में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। माल रोड पर पूर्व की तरह वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। एनटीडी से शिखर की ओर आने वाले दोपहिया और चौपहिया वाहनों को दोपहर 12 बजे के बाद धारानौला या शैल बैण्ड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। लक्ष्मेश्वर से शिखर तिराहे की ओर आने वाले चौपहिया वाहन पाण्डेखोला लोअर माल रोड और धार की तूनी की ओर भेजे जाएंगे। करबला से टैक्सी स्टैंड की ओर आने वाले चौपहिया वाहनों को करबला तिराहा या बेस तिराहा से टैक्सी स्टैंड लिंक रोड की ओर डायवर्ट किया जाएगा। पिथौरागढ़ और बागेश्वर से हल्द्वानी जाने वाले चौपहिया वाहन एनटीडी-धारानौला या शैल बैण्ड-लोअर माल रोड मार्ग का उपयोग करेंगे। हल्द्वानी से आने वाले चौपहिया वाहन बेस तिराहे से कोसी अथवा करबला-धारानौला मार्ग से अपने गंतव्य तक जाएंगे। कौसानी, रानीखेत, गरुड़ और कोसी से हल्द्वानी जाने वाले चौपहिया वाहनों को पाण्डेखोला तिराहे से लोअर माल रोड की ओर भेजा जाएगा। अल्मोड़ा पुलिस ने आमजन और वाहन चालकों से अपील की है कि दशहरा महोत्सव के दौरान निर्धारित डायवर्जन प्लान का पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।



