


अल्मोड़ा। देघाट पुलिस ने टीटरी गांव में रात्रि चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और साइबर अपराधों सहित विभिन्न विषयों पर जागरूक किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर शनिवार रात थानाध्यक्ष अजेन्द्र प्रसाद ने चौपाल आयोजित की। इस दौरान ग्रामीणों की शिकायतों और सुझावों को सुनकर उनके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, अनजान लिंक, ओटीपी फ्रॉड, क्यूआर कोड स्कैम, सोशल मीडिया से होने वाले अपराधों और फर्जी निवेश योजनाओं के बारे में जानकारी दी। लोगों से ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अनजान क्यूआर कोड स्कैन करने से बचने की अपील की गई। पुलिस ने बताया कि डिजिटल अरेस्ट के नाम पर पुलिस या सरकारी अधिकारी बनकर डराने वाले साइबर ठगों से सतर्क रहें और दबाव में आकर पैसे ट्रांसफर न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 या वेबसाइट पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। चौपाल में नशे के दुष्प्रभावों, यातायात नियमों, नए आपराधिक कानूनों, महिला एवं बाल अपराधों और गौरा शक्ति ऐप के बारे में भी जागरूक किया गया। पुलिस ने आपातकालीन हेल्पलाइन 112, महिला हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और मानस हेल्पलाइन 1933 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने की अपील की।



