


पिथौरागढ़। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने शुक्रवार को विकास भवन का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली और कार्यालयी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कुछ विभागों में कार्मिकों के बिना स्वीकृति अनुपस्थित पाए जाने पर उन्होंने संबंधित कार्मिकों को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यालयी व्यवस्थाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्मिकों की समयबद्ध उपस्थिति अनिवार्य है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिना ठोस कारण और सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। कार्यालयों में आने वाले लोगों के साथ शिष्ट व्यवहार किया जाए और सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कार्यालयों में साफ-सफाई बनाए रखने, अनावश्यक सामग्री का नियमानुसार निस्तारण करने और आवश्यक फाइलों व अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्मिक पहचान पत्र अनिवार्य रूप से धारण करे और उसकी सीट पर नाम पट्टिका लगी हो। साथ ही, कार्मिकों के कार्यों और जिम्मेदारियों का स्पष्ट उल्लेख किया जाए, ताकि कार्यालय आने वाले लोगों को संबंधित पटल की जानकारी आसानी से मिल सके। सभी कार्यालयों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने और उन्हें सदैव क्रियाशील रखने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि कार्मिकों की नियमित उपस्थिति, अभिलेखों का उचित रखरखाव और कार्यालयी व्यवस्थाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित करना संबंधित कार्यालय अध्यक्ष की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन करने को कहा। निरीक्षण के दौरान समाज कल्याण, सहकारिता, ग्रामीण निर्माण तथा अर्थ एवं संख्या सहित विकास भवन स्थित विभिन्न विभागों का जायजा लिया गया। इस दौरान परियोजना निदेशक डीआरडीए आशीष पुनेठा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।



