

रुड़की(आरएनएस)। कस्बे के सीमली मोहल्ले में हथियारों से लैस युवकों ने एक युवक के साथ मारपीट की। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कई राउंड फायरिंग हुई। गोलीबारी के दौरान पास के मकान में पुताई कर रहा युवक बाल-बाल बच गया। गोलियां पुताई की बाल्टी और मकान की दीवारों पर लगीं। घटना के बाद मोहल्ले में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दोनों पक्षों के युवकों की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह बाइक पर सवार होकर चार युवक सीमली मोहल्ले में पहुंचे थे। इसके बाद युवकों ने सीमली निवासी एक युवक के साथ पहले मारपीट की। इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से फायरिंग शुरू हो गई। अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनकर आसपास के मोहल्लेवासी मौके पर पहुंचने लगे। लोगों को आता देख दोनों पक्षों के लोग वहां से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया। इस दौरान गनीमत रही कि एक मकान की रंग-रोगन कर रहा आशीष को गोली नहीं लगी।गोली की उसकी बाल्टी और दीवारों में जा धंसी। सूचना मिलने पर एसएसआई राजेश बिष्ट और दरोगा समीप पांडे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। सीओ लक्सर देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही दोनों पक्षों के बीच विवाद की वजह का पता लगाया जा रहा है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




