

अल्मोड़ा। दुर्गा महोत्सव समिति माल रोड, चौघानपाटा की ओर से आयोजित दुर्गा महोत्सव में श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है। महोत्सव के दसवें वर्ष में प्रवेश करने पर क्षेत्रवासियों में खासा उत्साह है। पंडाल में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी हुई है, वहीं महिलाएं और बच्चे संकीर्तन के माध्यम से मां दुर्गा का गुणगान कर रहे हैं। मुख्य शास्त्री राजेश जोशी और उनके सहयोगी केवलानंद भट्ट के सानिध्य में धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न कराए जा रहे हैं। प्रतिदिन शाम छह से आठ बजे तक आरती और पूजा-अर्चना होती है, जबकि रात नौ बजे से भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भजन संध्या में वृंदावन से पहुंचे मोहित खंडूरी और अनिल रावत ने माता रानी के भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। देर रात तक चले कार्यक्रम में भक्त भक्ति रस में सराबोर रहे। संगीत संगत में दीपक रावत, मिंटू, सुनील, गुड्डू भाई और रूपेश जोशी ने सहयोग किया। महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों में महिलाओं के लिए मेहंदी रचाओ कार्यक्रम, पारंपरिक छपेली नृत्य और कुमाऊंनी लोक संस्कृति की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। बाहरी कलाकारों के साथ स्थानीय लोक कलाकार भी सायंकालीन कार्यक्रमों में माता रानी का गुणगान करेंगे। आयोजकों के अनुसार, क्षेत्रवासियों के सहयोग और सहभागिता से महोत्सव ने दस वर्षों में आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रतीक के रूप में पहचान बनाई है। आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने के साथ सामूहिक सहभागिता को बढ़ावा देना भी है।



