

रुड़की(आरएनएस)। लखनौता चौराहे पर दो दिन पूर्व दो पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट के बाद तमंचे से फायरिंग करने के मामले में पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। मंगलौर थाना क्षेत्र के ग्राम टिकौला निवासी विजय सिंह ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि शुक्रवार शाम उसका भतीजा जैकी सिंह अपने दो साथियों कुलदीप और अमित के साथ किसी काम से लखनौता चौराहे पर एक दुकान पर गया था। तीनों दुकान के सामने खड़े थे।
चौराहे पर विवाद और मारपीट
इसी दौरान शेरपुर खेलमऊ निवासी विकल उर्फ काली, श्रवण उर्फ बाबा, आर्यन और चिराग के साथ लखनौता निवासी प्रशांत कुमार, बोडा सिंह, आयुष कुमार, कान्हा और सावन तथा सुसाड़ा निवासी अभिनव भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि उक्त लोगों ने जैकी और उसके साथियों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने तीनों के साथ मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। इसी दौरान एक आरोपी ने तमंचे से फायर कर दिया।
घायल जैकी को देहरादून रेफर किया
गोली चलने की आवाज सुनकर चौराहे पर मौजूद दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। भय के चलते दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर वहां से चले गए। सूचना मिलने पर घायलों के परिजन मौके पर पहुंचे और तीनों को उपचार के लिए रुड़की स्थित सिविल अस्पताल ले गए। जैकी के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण चिकित्सकों ने उसे देहरादून रेफर कर दिया। कोतवाली प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।



