
अल्मोड़ा। लमगड़ा पुलिस ने राजकीय इंटर कॉलेज मेरगांव और राजकीय इंटर कॉलेज पुबाऊ जैंती में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को साइबर ठगी, म्यूल अकाउंट, नशामुक्ति, डायल 112 और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देशन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्कूल, कॉलेज, नगर-कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा तथा सामाजिक जागरूकता को लेकर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों विद्यालयों में कार्यक्रम किया। पुलिस टीम ने छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को साइबर ठगी से बचाव के उपाय बताए। किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, एटीएम या डेबिट कार्ड का विवरण, पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करने की अपील की गई। म्यूल अकाउंट के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि कमीशन के लालच में किसी अन्य व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम या डेबिट कार्ड, यूपीआई अथवा अन्य बैंकिंग जानकारी उपलब्ध नहीं करानी चाहिए। साइबर अपराधी ऐसे खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम को इधर-उधर करने में कर सकते हैं, जिससे खाताधारक को भी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है। पुलिस ने छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभाव और महिला सुरक्षा के संबंध में भी जानकारी दी। आपात स्थिति में तत्काल डायल 112 पर संपर्क करने तथा किसी अपराध या उत्पीड़न की सूचना बिना भय पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।

