
तीसरे बैच में छह व्यापारी और चार सहायक शामिल, 23.63 लाख रुपये का सामान लेकर गए
पिथौरागढ़। भारत-चीन सीमा व्यापार के तहत भारतीय व्यापारियों का तीसरा दल सोमवार को चीन पहुंचा। इस बैच में कुल 10 लोग शामिल हैं, जिनमें छह व्यापारी और चार सहायक हैं। दल के व्यापारी चीन में व्यापार के लिए कुल 23 लाख 63 हजार रुपये मूल्य का सामान अपने साथ ले गए हैं।
पिछले बैच के नौ व्यापारी लौटे भारत
उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी ने बताया कि पूर्ववर्ती बैचों में व्यापार के लिए चीन गए नौ व्यापारी भारत लौट आए हैं। वापसी के दौरान उनके द्वारा लाई गई व्यापारिक सामग्री का सीमा शुल्क विभाग की ओर से नियमानुसार सीमा शुल्क संबंधी प्रक्रिया और अन्य आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
आगामी बैचों के लिए प्रशासन की तैयारी
उपजिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन आगामी व्यापारिक बैचों को भी चीन भेजने के लिए वहां के संबंधित प्रशासन के साथ लगातार समन्वय और वार्ता कर रहा है। उन्होंने कहा कि भारत-चीन सीमा व्यापार को सुचारू और व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए संबंधित विभागों के बीच आवश्यक समन्वय बनाए रखा जा रहा है।


