
रानीखेत। स्याल्दे ब्लॉक के बसई गांव में आपसी विवाद के बाद 66 वर्षीय बुजुर्ग महिला की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्यारोपित राजेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, शनिवार को बसई गांव निवासी तुलसी देवी का गांव के ही राजेश सिंह पुत्र दौलत सिंह से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर राजेश सिंह कथित तौर पर आपा खो बैठा और पास में रखा दाव (दतोइया) उठाकर तुलसी देवी के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से महिला लहूलुहान होकर गिर पड़ी। ग्रामीण आनन-फानन में तुलसी देवी को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद राजस्व टीम भी चिकित्सालय पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने गाली-गलौज के कारण आपा खोने की बात बताई है। पुलिस उससे आगे की पूछताछ कर रही है।

