


अल्मोड़ा। जनपद में चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत द्वाराहाट पुलिस ने दूरस्थ ग्राम नायल में ग्रामीणों और सीनियर सिटीजन को साइबर अपराध, नशे के दुष्प्रभाव, महिला एवं बाल अपराध सहित विभिन्न विषयों की जानकारी दी। वहीं सल्ट पुलिस ने राजकीय इंटर कॉलेज हिनौला झीमार में छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, पॉक्सो अधिनियम, यातायात नियमों और महिला एवं बाल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। सोमवार को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली द्वाराहाट विनोद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक मीना आर्या पुलिस टीम के साथ दूनागिरी क्षेत्र के दूरस्थ ग्राम नायल पहुंचीं। यहां सीनियर सिटीजन और ग्रामवासियों से मुलाकात कर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस ने ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचाव के लिए अनजान कॉल और लिंक से सावधान रहने तथा ओटीपी, पिन, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने की अपील की। वहीं मंगलवार को थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने राजकीय इंटर कॉलेज हिनौला झीमार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, पॉक्सो अधिनियम, नशे के दुष्प्रभाव, यातायात नियमों तथा महिला एवं बाल सुरक्षा के संबंध में जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने साइबर ठगी से बचाव के लिए ओटीपी, पिन, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा ठगी होने पर 1930 पर शिकायत करने के लिए जागरूक किया। साथ ही महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन हेल्पलाइन 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 सहित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों तथा उत्तराखंड पुलिस एप की जानकारी देकर जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।



