


अल्मोड़ा। तहसील चौखुटिया के ग्राम पंचायत हाट से सात सितंबर से लापता युवक जयप्रकाश का शव मंगलवार को मासी से करीब एक किलोमीटर दूर थापला के पास रामगंगा नदी में मिला। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान कर ली। युवक के लापता होने के बाद कोतवाली चौखुटिया में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद से चौखुटिया पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार युवक की तलाश में जुटी थी। एसडीआरएफ ने चौखुटिया से मरचूला तक रामगंगा नदी में राफ्टिंग के माध्यम से भी सर्च अभियान चलाया। मंगलवार सुबह थापला के पास रामगंगा नदी में ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ के गोताखोरों ने शव को नदी से बाहर निकाला। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने जांच की और परिजनों ने शव की पहचान की। पुलिस ने शव का पंचनामा भरने की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


