


अल्मोड़ा। सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर घर के बाहर दीप जलाकर फोटो और वीडियो साझा करने के निर्देश का कांग्रेस ने विरोध किया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने इसे सरकारी योजनाओं के राजनीतिक प्रचार से जोड़ने वाला कदम बताते हुए निर्देश वापस लेने की मांग की है। भोज ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर ‘जिसने जीवन संवारा, उसे आशीर्वाद हमारा’ थीम के तहत कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत स्वयं सहायता समूह (एसएचजी), ग्राम संगठन, सीएलएफ, लखपति दीदी, प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी, वीवीजी रामजी के अंतर्गत रोजगार सहायक और अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़े लाभार्थियों को शाम सात बजे अपने घर के आगे दीप प्रज्वलित करने को कहा गया है। दीप जलाते हुए फोटो और वीडियो भी साझा करने के निर्देश दिए गए हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा कि सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर इस तरह दीप जलाने के निर्देश से योजनाओं की प्रकृति और उनके राजनीतिक प्रचार को लेकर सवाल खड़े होते हैं। भोज ने कहा कि सरकारी योजनाओं के लिए धन प्रधानमंत्री या किसी नेता की निजी संपत्ति से नहीं, बल्कि सरकार के बजट और करदाताओं के पैसे से आता है। आवास, रोजगार, आर्थिक सहायता अथवा अन्य सुविधाएं लाभार्थियों का अधिकार और सार्वजनिक नीति का परिणाम हैं। ऐसे में सरकारी योजनाओं के लाभ को प्रधानमंत्री के जन्मदिन से जोड़कर दीप जलाने और उसकी तस्वीरें मंगाने की कवायद को राजनीतिक छवि निर्माण के तौर पर देखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि करदाताओं की गाढ़ी कमाई से संचालित योजनाओं के लाभार्थियों को इस तरह के कार्यक्रमों में शामिल करना उचित नहीं है। भोज ने चेतावनी दी कि यदि यह निर्देश वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस आंदोलन करने को मजबूर होगी।

