
सोशल मीडिया पर फोटो के साथ आपत्तिजनक टिप्पणी और निजी मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने का आरोप, बेटी के खिलाफ भी गलत बातें लिखने और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत
देहरादून। सोशल मीडिया पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और एक स्थानीय महिला के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने के आरोप में चर्चित उर्मिला सनावर के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने आईटी एक्ट और बीएनएस की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फेसबुक पर फोटो के साथ आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप
पटेलनगर के इंस्पेक्टर नरेश राठौर के अनुसार कल्पना त्रिपाठी ने पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि 10 सितंबर को उर्मिला सनावर ने फेसबुक पर उनकी और मुख्यमंत्री की तस्वीर साझा करते हुए बेहद भद्दी और आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। आरोप है कि पोस्ट में उनका निजी मोबाइल नंबर भी सार्वजनिक कर दिया गया।
विरोध करने पर बेटी के खिलाफ पोस्ट का आरोप
पीड़िता के अनुसार उन्होंने जब इस मामले का विरोध किया तो उर्मिला के समर्थकों ने एक नई आईडी बनाई। आरोप है कि इस आईडी से उनकी बेटी के बारे में गलत बातें लिखी गईं। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद मुकदमा दर्ज किया गया।
सहेली को फोन कर धमकी देने का आरोप
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि उर्मिला ने पीड़िता की एक सहेली को फोन कर महिला और उसके बच्चों को जान से मरवाने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उर्मिला पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार उर्मिला सनावर के खिलाफ यह छठा मुकदमा दर्ज हुआ है। एक पूर्व विधायक की पत्नी होने का दावा करने वाली उर्मिला के खिलाफ इससे पहले देहरादून के नेहरू कॉलोनी और डालनवाला तथा हरिद्वार के बहादराबाद और ज्वालापुर थानों में मानहानि, छवि धूमिल करने और ब्लैकमेलिंग के मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट भी जारी हो चुका है।


