
रुद्रपुर(आरएनएस)। ओसिस सिटी दक्ष चौराहा निवासी कारोबारी ने अपने कर्मचारी पर सात वर्षों तक जीएसटी जमा करने के नाम पर दी गई करीब 1.60 करोड़ रुपये की रकम हड़पने का आरोप लगाया है। जीएसटी विभाग से नोटिस मिलने के बाद मामले का खुलासा हुआ। जांच में कर्मचारी पर चेक में फर्जी हस्ताक्षर करने और कई चेक बाउंस कराने का भी आरोप है। पुलिस ने तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। कारोबारी सोनवीर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने प्रेमनगर, गदरपुर निवासी विनीत कुमार को वर्ष 2018 से 2025 तक प्रतिमाह जीएसटी जमा करने के लिए कर्मचारी के तौर पर रखा था।इस दौरान वह भरोसा कर उसे जीएसटी जमा करने के लिए रकम देते रहे। उनके अनुसार, सात वर्षों में उन्होंने कर्मचारी को करीब 1.60 करोड़ रुपये दिए। उन्होंने बताया कि 25 मई 2025 को जीएसटी विभाग से फोन आया कि पिछले सात वर्षों से जीएसटी जमा नहीं की गई है। यह जानकारी मिलने पर वह हैरान रह गए। कर्मचारी से रकम के संबंध में पूछताछ करने पर वह कथित तौर पर उन्हें लगातार गुमराह करता रहा। कारोबारी का आरोप है कि अधिक दबाव बनाने पर कर्मचारी ने अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। जीएसटी विभाग से मिले नोटिस और दस्तावेजों की जांच में कारोबारी को पता चला कि उन पर करीब 1.03 करोड़ रुपये जीएसटी बकाया है। कारोबारी का आरोप है कि वह नियमित रूप से रकम देते रहे, लेकिन कर्मचारी ने जीएसटी जमा करने के बजाय उसे हड़प लिया। दस्तावेजों की जांच में चेक पर फर्जी हस्ताक्षर किए जाने और कई चेक बाउंस होने की बात भी सामने आई। कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

